डीएम ने ली नेटवर्क कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने एनआईसी कक्ष में नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों पर विभागों और नेटवर्क कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी ऑपरेटरों को कमजोर या बाधित नेटवर्क वाले स्थानों का त्वरित सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी राजस्व गांवों में नेटवर्क की स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को सभी गांवों की सूची अक्षांश-देशांतर सहित तैयार कर कंपनियों से साझा करने को कहा गया। उन्होंने ऑपरेटरों को सूची के अनुसार गांवों का सर्वे कर शैडो क्षेत्रों में नेटवर्क उपलब्ध कराने और नए स्थापित चार बीएसएनएल टॉवरों को तत्काल संचालित करने के निर्देश दिए। मरोड़ा, गोदा, द्वारी, सांकर, जुलेड़ी, व्यासघाट आदि गांवों में नेटवर्क सुधार के आदेश दिए गए। कोटद्वार में इंडस कंपनी के झुके टॉवर को हटाने को कहा गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, डीजीएम बीएसएनएल जय सिंह चौहान, एजीएम बीएसएनएल हरप्रीत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।