एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
बागेश्वर। जिले में शनिवार को भूकंप एवं सहवर्ती आपदाओं से निपटने की तैयारियों का मूल्यांकन करने के लिए विभिन्न स्थानों पर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिला प्रशासन, SDRF, पुलिस, फायर सर्विस, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमों ने त्वरित प्रतिक्रिया, राहत-बचाव कार्य और विभागीय समन्वय का प्रभावी प्रदर्शन किया। सबसे पहले महर्षि विद्या मंदिर, बिलौना में सुबह 9:57 बजे 6.8 तीव्रता का भूकंप सिमुलेशन किया गया। टीमों ने निर्धारित समय में पहुँचकर भवन की जाँच की, तीन बच्चों को सुरक्षित निकाला, दो को मामूली चोटें आईं और 11 बच्चों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। गरुड़ क्षेत्र के पुरड़ा और स्पोर्ट्स ग्राउंड गागरीगोल में भूस्खलन की स्थिति में सात व्यक्ति घायल हुए, जिनमें चार को रेफर किया गया और तीन का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ में चल रहा है। कांडा तहसील कार्यालय में 10:13 बजे दो भवनों में दरारें आने के अभ्यास में छह लोगों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। कपकोट विद्युत उपकेंद्र में शॉर्ट सर्किट सीन में पाँच लोग घायल हुए और सभी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में किया गया। विद्युत आपूर्ति 20 मिनट में बहाल कर दी गई। जिला अस्पताल में 10:22 बजे भवन क्षति और शॉर्ट सर्किट सिमुलेशन में छह लोग घायल हुए। बागनाथ क्षेत्र में मलबे में दबे और सरयू नदी में गिरे व्यक्ति को SDRF टीम ने सफलतापूर्वक बचाया। यहां छह घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने सभी घटनाओं की रियल-टाइम मॉनिटरिंग करते हुए कहा कि ऐसी मॉक ड्रिल्स आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत बनाती हैं।